गिरिडीह के हरिचक्र स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में गुरुवार को भाजपा महानगर जिला की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सिकंदर हेम्ब्रम एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष अरुण हाजरा ने किया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिला अध्यक्ष ने सभी मंडलों में प्रत्येक माह 1 से 7 तारीख के बीच नियमित बैठक, तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र बैठक तथा अंतिम रविवार को सभी बूथों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं से पार्टी द्वारा सौंपे गए दायित्वों को धरातल पर उतारने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बूथ स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित करने की भी अपील की।


बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री शालिनी वैशखियार ने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आग्रह किया। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष यदुनंदन पाठक ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने की बात कही। डुमरी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रदीप साहू ने राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दिए गए दायित्वों को गंभीरता से पूरा करने का आह्वान किया। बैठक में पूर्व मेयर सुनील पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर प्रकाश सेठ, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












