Aba News

डायल-112 परियोजना के तहत गिरिडीह को मिली 32 नई पुलिस गाड़ियां, उपायुक्त रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थानों के लिए किया रवाना

गिरिडीह। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ‘डायल-112 परियोजना’ के तहत गिरिडीह जिले को 32 नए पुलिस वाहन प्राप्त हुए हैं। इन वाहनों को शुक्रवार को पपरवाटांड़ पुलिस लाइन से उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि डायल-112 परियोजना के तहत मिले नए वाहनों से आपातकालीन स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस इन वाहनों के माध्यम से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण के साथ जन-सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में डीएसपी नीरज सिंह-1, डीएसपी आर.के. राणा, एसडीपीओ जितवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह, पंचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित जिले के कई पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न थानों को आवंटित किए गए ये वाहन अब डायल-112 सेवा के माध्यम से आम लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें