गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चूरामन मंडल नामक साइबर अपराधी को पकड़ने के लिए गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि चमलिट्टी गांव निवासी चूरामन मंडल अपनी ससुराल चिकसोरिया में मौजूद है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में भी ले लिया था, लेकिन इसी दौरान गांव में सूचना फैलने पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में पुलिस वाहन के शीशे टूट गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस गिरफ्त से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गांडेय इंस्पेक्टर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध और पथराव के कारण उसे छुड़ा लिया गया। मामले में पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में अलग से प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।












