गिरिडीह: 6 अगस्त से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के बीच 7 अगस्त को रांची के कुटे मैदान में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर गिरिडीह जिले की पोषण सखियों ने उसमें शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पोषण सखियों ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को लिखित सूचना सौंपते हुए कहा कि वे प्रस्तावित प्रदर्शन का हिस्सा नहीं बनेंगी। उनका कहना है कि वर्तमान सरकार ने उनकी नौकरी बहाल की है और भविष्य में भी उनके हितों की रक्षा तथा बेहतर व्यवस्था इसी सरकार के माध्यम से होने की उम्मीद है।
पोषण सखियों ने कहा कि कुछ जिलों की पोषण सखियां राजनीतिक दलों से जुड़कर धरना-प्रदर्शन में भाग ले रही हैं, लेकिन गिरिडीह की पोषण सखियां इससे अलग रहने का निर्णय ले चुकी हैं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी, प्रदेश सचिव रीता दास, जिला अध्यक्ष रजिया खातून सहित अन्य पोषण सखियां उपस्थित रहीं।












