रांची/नई दिल्ली: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड में JPSC, JSSC एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में राज्य सरकार से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह केवल भर्ती परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य, विश्वास और मेहनत से जुड़ा प्रश्न है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र कई दिनों से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से न कोई सार्थक पहल हो रही है और न ही आंदोलनरत छात्रों से संवाद किया जा रहा है।
अन्नपूर्णा देवी ने विवादित भर्ती प्रक्रियाओं की CBI से निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रतिबंधित एजेंसी TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द कर पारदर्शी तरीके से पुनः आयोजित करने की मांग की। उन्होंने राहुल गांधी और INDI गठबंधन की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने शुरू से ही छात्रों की आवाज़ सड़क से सदन तक उठाई, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई और JPSC अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा।












