Aba News

झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 का नगर भवन में भव्य उद्घाटन, लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

गिरिडीह। आदिवासी अस्मिता, समृद्ध लोक-परंपराओं और ‘जल-जंगल-जमीन’ की गौरवशाली विरासत को समर्पित झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 का आयोजन जिला प्रशासन, गिरिडीह की ओर से नगर भवन में किया गया।महोत्सव का उद्घाटन समारोह उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर प्रमीला मेहरा, जिला अध्यक्ष संजय सिंह, उप महापौर सुमित कुमार, उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार समेत कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

महोत्सव के दौरान आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली। मांदर और नगाड़े की थाप पर कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा आदिवासी पारंपरिक एवं पौराणिक नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया।कार्यक्रम में पारंपरिक जनजातीय खान-पान भी आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं नाट्य मंचन के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, सामाजिक सरोकार और समुदाय के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्थानीय कलाकारों एवं कारीगरों द्वारा लगाए गए कला, हस्तकला और हैंडलूम के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने।

महोत्सव में विभिन्न आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कई विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासी समाज की परंपरा, कला, संस्कृति और जीवनशैली को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ स्थानीय कलाकारों एवं कारीगरों को मंच देने का प्रयास किया गया। आयोजन स्थल पर दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें