Aba News

गिरिडीह पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राहुल गांधी पर साधा निशाना; छात्रों के आंदोलन को लेकर हेमंत सरकार को घेरा

गिरिडीह। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को गिरिडीह पहुंचीं। गिरिडीह दौरे के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद न्यू परिषद भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने केंद्र एवं राज्य की राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें दिशाहीन और गैर-जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार सदन की कार्यवाही को बाधित करने का काम कर रहे हैं। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि कभी माइक बंद किए जाने की बात कही जाती है तो कभी अन्य मुद्दों को लेकर सदन में हंगामा किया जाता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात सदन में रखनी चाहिए, लेकिन बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित करना उचित नहीं है।

झारखंड में चल रहे छात्रों के आंदोलन को लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि रांची में छात्र बारिश और धूप की परवाह किए बिना अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कई छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। ऐसे में राज्य सरकार को छात्रों की मांगों और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल करनी चाहिए।अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि युवाओं और छात्रों का भविष्य किसी भी सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण होना चाहिए। छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को उनसे बातचीत कर उनकी मांगों पर उचित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्रों की स्थिति को देखते हुए सरकार को संवेदनशीलता के साथ पूरे मामले का समाधान निकालना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में पहल करने की मांग की।गिरिडीह दौरे के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान जिले से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री के बयान के बाद छात्रों के आंदोलन और राज्य सरकार की कार्यशैली को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें