गिरिडीह जिले के बिरनी सरिया थाना क्षेत्र में 3 लाख रुपये चोरी मामले का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुर्शीद अंसारी और मोहम्मद साबिर अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त ग्लैमर बाइक, दो मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय राम ने प्रेस वार्ता में बताया कि 15 अप्रैल को केसवारी बाजार में बैंक से निकाले गए 3 लाख रुपये बाइक की डिक्की से चोरी कर लिए गए थे, जिसके बाद गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने सरिया, गिरिडीह और मधुपुर क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस शेष रकम की बरामदगी के लिए छानबीन कर रही है। धनंजय राम ने शादी के मौसम में लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और बैंक से नकदी लेकर निकलने पर सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।











