गिरिडीह जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेंगाबाद प्रशासन ने गुरुवार को मोतीलेदा बालू घाट पर बड़ी कार्रवाई की। अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान अवैध रूप से बालू ढो रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। जब्त वाहन को थाना ले जाने की प्रक्रिया के दौरान चालक ने अचानक ट्रैक्टर लेकर फरार होने का प्रयास किया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर एक चौकीदार भी सवार था, जिसे वाहन को थाना तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। तेलोनारी गांव के समीप तेज रफ्तार में भागने के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।

गनीमत रही कि हादसे में चालक और चौकीदार दोनों बाल-बाल बच गए तथा कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने अवैध खनन पर लगातार सख्ती बरतने की मांग की है।












