Aba News

रात्रि चौपाल में गूंजा नशा मुक्ति का संकल्प, उपायुक्त बोले- जनभागीदारी से बनेगा नशामुक्त समाज

गिरिडीह प्रखंड की बरमोरिया पंचायत सचिवालय में राज्यव्यापी नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित रात्रि चौपाल में उपायुक्त रामनिवास यादव ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से अतिथियों का स्वागत किया। चौपाल में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज से नशे को जड़ से खत्म करने का आह्वान किया गया।


उपायुक्त ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए नुकसानदायक है तथा इससे अपराध और सामाजिक तनाव बढ़ते हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना प्रशासन को देने की अपील की। वहीं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने खोरठा भाषा में युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने और जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें