Aba News

खोरीमहुआ में नशा मुक्ति का संकल्प, प्रशासन ने जनभागीदारी से अभियान को बनाने का आह्वान

गिरिडीह जिले के खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत अनुमंडल स्तरीय कार्यशाला एवं सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी एवं अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता और सामाजिक जागरूकता से संभव है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों की ओर बढ़ने की अपील की।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना प्रशासन को देने का आग्रह किया, जबकि उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर बल दिया। कार्यशाला में उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ दिलाई गई। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटक और एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों पर आधारित जागरूकता संदेश प्रसारित किए गए। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें