गिरिडीह में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार को जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंच गए, जहां सुरक्षा कर्मियों द्वारा उनकी गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन की ओर से सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले पहुंचने और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

जिले में परीक्षा के लिए डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पचंबा, गिरिडीह +2 उच्च विद्यालय और सर जे.सी. बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय देते हुए परीक्षा शाम 6:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके। जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और पूरे परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।











