Aba News

योग और नशामुक्ति का संदेश: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गिरिडीह में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

गिरिडीह। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में जिला प्रशासन द्वारा भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, नगर निगम की महापौर, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। प्रशिक्षित योग शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए इसे स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताया गया। उपायुक्त ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को निरोग, अनुशासित और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।

 

योग शिविर के बाद जिला प्रशासन के नेतृत्व में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है तथा युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने लोगों से नियमित योगाभ्यास अपनाने और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वस्थ जीवन, नियमित योग और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें