Aba News

पुलिस पर हमले के मामले में बड़ा एक्शन, दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश तेज

गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में साइबर अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला मामले में बड़ी कार्रवाई की गई। इस मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। रविवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितवाहन उरांव ने इसकी जानकारी दी। बताया गया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार 10 जून की रात साइबर थाना की टीम साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल की गिरफ्तारी के लिए चिकसोरिया गांव में छापेमारी करने पहुंची थी।


कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस के कब्जे से आरोपी को छुड़ा लिया तथा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी वाहन पर पथराव कर हमला किया था। इस हमले में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिकसोरिया गांव निवासी 51 वर्षीय जितन मंडल तथा 20 वर्षीय सूरज मंडल के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें