Aba News

अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या! गला रेतकर मार डाला, शव ठिकाने लगाने की कोशिश नाकाम

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत भरकट्टा ओपी क्षेत्र के सिरमाडीह गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव निवासी दौलत साव पर अपनी 55 वर्षीय पत्नी कुलसी देवी की गला रेतकर निर्मम हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार दौलत साव का कथित तौर पर एक महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के कारण हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जाता है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने की भी कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

रविवार सुबह आरोपी स्वयं भरकट्टा ओपी पहुंचा और पत्नी की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। घर बंद होने के कारण ताला खुलवाकर अंदर प्रवेश किया गया, जहां महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बेहद निर्मम हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस आरोपी दौलत साव समेत दो लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे अवैध संबंध, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें