गिरिडीह जिले के सरिया स्थित प्रसिद्ध उत्तरवाहिनी तट राजदह धाम में मंगलवार को एक पिता ने अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान कर दिया।
यह व्यक्ति कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र एक गांव के निवासी है। बेटी के प्रेम विवाह से आहत होकर पिता ने परिवार और समाज के लोगों की मौजूदगी में विधि-विधान के साथ तर्पण एवं पिंडदान की रस्म पूरी की।


जानकारी के अनुसार, पिता ने अपनी बेटी की शादी 20 जून 2026 को तय कर रखी थी। विवाह की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं। तिलक समारोह संपन्न हो चुका था और बारात तथा भोज की व्यवस्था भी कर ली गई थी। इसी बीच 12 जून की रात युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। कुछ दिनों बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर विवाह का वीडियो साझा कर दिया, जिसके बाद परिजनों को उनके विवाह की जानकारी मिली।

पिता ने बताया कि बेटी के इस कदम से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने कहा कि समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और परिवार मानसिक रूप से टूट चुका है। इसी पीड़ा और आक्रोश के बीच उन्होंने परिवार तथा गांव-समाज के लोगों के साथ राजदह धाम पहुंचकर बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान कर दिया।











