गिरिडीह: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटों गांव में फूड पॉयजनिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। गुपचुप, चाट और छोले खाने के बाद 20 से अधिक बच्चे, महिलाएं और पुरुष बीमार पड़ गए, जिन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर है, जबकि अन्य मरीजों की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है। जिला प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है।
उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और मरीजों व उनके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा विभाग को संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजने के आदेश दिए। प्रशासन ने साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आम लोगों से खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करने की अपील की गई है।













