झारखंड के माइका उद्योग को लेकर नई पहल की शुरुआत हुई है। कोडरमा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी के साथ नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक कर कोडरमा और गिरिडीह के माइका उद्योग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में उद्योग की वर्तमान स्थिति, श्रमिकों की समस्याएं, माइका एसोसिएशन और वर्कर एसोसिएशन की मांगों के साथ उद्योग के समग्र विकास पर मंथन हुआ। दोनों मंत्रियों ने सहमति जताई कि जल्द ही नई दिल्ली में सभी हितधारकों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित कर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस पहल को कोडरमा-गिरिडीह माइका बेल्ट के लिए अहम माना जा रहा है।
बैठक में माइका खनन को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने, श्रमिक हितों की सुरक्षा और रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया गया। भाजपा महानगर कोषाध्यक्ष मुकेश जालान ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे माइका उद्योग के पुनरुत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है और आगामी दिल्ली बैठक से ठोस परिणाम सामने आ सकते हैं। इस पहल से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होने की संभावना जताई जा रही है।













