राज्य स्तर पर सम्मानित गिरिडीह जिले के तेलोडीह पंचायत में शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित कर पंचायत की उपलब्धि का जश्न मनाया गया। ‘स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत’ श्रेणी में 10 लाख रुपये के सम्मान के बाद मुखिया शब्बीर आलम ने पंचायत सचिवालय में सभी कर्मियों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों को सम्मानित करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे पंचायत परिवार की सामूहिक मेहनत, समर्पण और जनभागीदारी का परिणाम है। समारोह में पंचायत कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जलसहिया, शिक्षकों, कृषि मित्रों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की सराहना की गई।

मुखिया शब्बीर आलम ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे पंचायत की एकजुटता की पहचान है। उन्होंने पत्रकारों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पंचायत की उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाने में उनकी भूमिका अहम रही। समारोह में सभी ने संकल्प लिया कि निरंतर प्रयास से तेलोडीह पंचायत को राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई जाएगी।












