गिरिडीह में 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में डुमरी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस परीक्षा के लिए पीरटांड़ में 2 और डुमरी में 4 केंद्र बनाए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष व कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो। साथ ही गश्ती दंडाधिकारी और पुलिस बल को लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है












