गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बघरा स्थित पेट्रोल पंप पर गुरुवार को पेट्रोल भराने के दौरान बाइक सवार और पिकअप वाहन चालक के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ जितवाहन उरांव सहित अतिरिक्त पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई और फिर दोनों पक्षों से लोग जुटने लगे जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। फिलहाल पुलिस पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि विवाद की असल वजह पता चल सके। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहराई से जांच के बाद उचित कार्रवाई की बात कही है।












