गिरिडीह, 25 जुलाई 2025 – जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को जिला खनन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व संग्रहण कार्यों की समीक्षा करते हुए राजस्व वृद्धि हेतु कार्यों में गति लाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कार्यालय में संधारित पंजियों एवं संचिकाओं की जांच की तथा नियमों के पूर्ण अनुपालन की सख्त हिदायत दी।

उन्होंने कहा कि अवैध खनन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके लिए नियमित जांच अभियान चलाना आवश्यक है। साथ ही, वन क्षेत्रों में हो रहे अवैध माईका उत्खनन, क्रशर संचालन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष छापामारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।













