Aba News

तिसरी में दो नाबालिगों के प्रेम संबंध का मामला पहुंचा थाने, पॉक्सो एक्ट के तहत प्रेमी गिरफ्तार, प्रेमिका समेत दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के बाद बाल सुरक्षा गृह भेजने का आदेश

गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड से दो अलग-अलग समुदायों के नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। मामले में तिसरी थाना पुलिस ने कांड संख्या 57/26 दर्ज करते हुए पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के नाबालिग होने के कारण कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रेमी को हजारीबाग स्थित बाल सुधार गृह तथा 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका को देवघर बालिका सुरक्षा गृह भेजने की तैयारी की जा रही है।जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पिछले करीब आठ महीनों से प्रेम संबंध था। प्रेमी नौवीं कक्षा और प्रेमिका आठवीं कक्षा की छात्रा है। दोनों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण शुरुआत में स्कूल आने-जाने के दौरान मुलाकात होती थी। बाद में वे अपने परिचितों और मित्रों के मोबाइल फोन के माध्यम से एक-दूसरे से बातचीत करने लगे। जब इस संबंध की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को मिली तो गांव स्तर पर बैठक कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बन सकी।

रविवार को ग्रामीणों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद वहां काफी भीड़ जुट गई। इस दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर नाबालिग प्रेमी मौके से फरार हो गया, जबकि ग्रामीणों ने नाबालिग प्रेमिका को पकड़कर तिसरी थाना पुलिस के हवाले कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार नाबालिग की तलाश शुरू कर दी। विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी और दबिश के बाद करीब 12 घंटे की तलाश के उपरांत सोमवार सुबह लगभग 11 बजे पुलिस ने नाबालिग प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया।आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नाबालिग प्रेमी को हजारीबाग बाल सुधार गृह तथा नाबालिग प्रेमिका को देवघर बालिका सुरक्षा गृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें