गिरिडीह में गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सेकड़ो कार्यकर्ता और आम लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। झंडा मैदान से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पैदल मार्च के रूप में टावर चौक, कालीबाड़ी, मौलाना आजाद चौक और शिव मोहल्ला होते हुए बड़ा चौक पहुंचकर समाप्त हुई।
गिरिडीह प्रभारी एवं कार्यसमिति सदस्य संजय कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर में तिरंगा सम्मान के साथ लहराए, इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यात्रा निकाली गई। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश की रक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता को नई मजबूती मिली है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानता है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है और तिरंगा यात्रा इसी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन है।आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में देश के प्रति प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। भारत की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
यात्रा में भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार, दिलीप वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, विनय सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. विनीता कुमारी, महानगर प्रभारी संजय सिंह, नवीन सिन्हा, देवराज, अमर सिन्हा, सुरेश मंडल, सुनील पासवान, संजीत सिंह पप्पू, मनोज संगई सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।












