Aba News

भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार को मिली जान से मारने की धमकी के विरोध में डुमरी में पैदल मार्च, राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

गिरीडीह के डुमरी में भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सोमवार को डुमरी में ग्रामीणों ने पैदल मार्च निकाला। जिला परिषद सदस्या सुनीता कुमारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग बस स्टैंड से पैदल मार्च करते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और राज्यपाल के नाम अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।झमाझम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने मार्च में भाग लिया। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन पूरे मामले में ढुलमुल रवैया अपना रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की जनता आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।

 

ज्ञापन में बताया गया कि मुहर्रम पर्व के दौरान इसरी बाजार और लक्ष्मणटुंडा क्षेत्र में उत्पन्न विवाद के संबंध में स्थानीय लोगों ने प्रशासन को शिकायत दी थी। इसी क्रम में भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार ने भी पुलिस को मामले की जानकारी दी थी। आरोप है कि 24 जून को निमियाघाट थाना में आयोजित बैठक के दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।इसके अगले दिन 25 जून को उन्हें व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से फिर से गंभीर धमकी दी गई, जिसकी रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि थाना में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और लगातार धमकियां मिल रही हैं।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी देने वाले व्यक्ति की अविलंब गिरफ्तारी की जाए, मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार एवं जिला परिषद सदस्या सुनीता कुमारी की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने की भी मांग की गई।पैदल मार्च में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य फूलचंद किस्कू, दीपक श्रीवास्तव, नितेश मिश्रा, सूरज बरनवाल, संगीता बरनवाल, गोवर्धन पंडित, ढूलेश्वर साव, दीपमाला बरनवाल, प्रदीप भदानी, रवि रजक, बासुदेव महतो, जागेश्वर महतो, गोपाल विश्वकर्मा, चंदन जायसवाल, महेश रविदास, टेकनी देवी, सुनील सेठ, राजू स्वर्णकार, अर्जुन यादव, शांति देवी, मुरली ठाकुर, रेखा बरनवाल, सविता बरनवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें