Aba News

गिरिडीह में दो युवकों का अपहरण, फिरौती की मांग; पुलिस ने दोनों को सकुशल कराया बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

गांडेय थाना क्षेत्र के चरकमारा जंगल के पास से दो युवकों के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले का गिरिडीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद करते हुए मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि चरकमारा निवासी मोहन दास के भाई धर्मवीर कुमार दास तथा तेजो रविदास के पुत्र नीतेश कुमार दास का कुछ अपराधकर्मियों ने अपहरण कर लिया है। अपहृतों को छोड़ने के एवज में आरोपियों द्वारा फिरौती की मांग किए जाने की सूचना थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने अपहृतों की सकुशल बरामदगी और घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हरसिंह रायडीह गांव स्थित उसरी नदी श्मशान घाट के पास से दोनों अपहृतों को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी अभियुक्त डाड़ीडीह निवासी मो. रिजवान अंसारी और मो. अफसर अंसारी को गिरफ्तार किया है। दोनों मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

इस संबंध में गांडेय थाना कांड संख्या 45/26, दिनांक 13 अगस्त 2026 को बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 127(2), 140(1) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।दो बाइक, ई-रिक्शा और तीन मोबाइल बरामद छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, जेएसए कंपनी का नीले रंग का ई-रिक्शा संख्या JH 11 AM 8684 तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

छापामारी टीम में सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, गांडेय अंचल पुलिस निरीक्षक कमलेश पासवान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह सहित मुफ्फसिल एवं गांडेय थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें