गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बक्शीडीह रोड में देर रात दुकान तोड़ने के प्रयास का मामला सामने आया है। मामले को लेकर पंकज कुमार सहित अन्य दुकानदारों ने नगर थाना में आवेदन देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।आवेदन के अनुसार, पंकज कुमार, पिता शाहदेव लाल बरनवाल, पिछले करीब 20 वर्षों से बक्शीडीह रोड स्थित भवन में बिजली की दुकान चला रहे हैं। इसी भवन में पांच अन्य दुकानें भी करीब 20 वर्षों से संचालित हैं।आरोप है कि 12 अगस्त की देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच कुछ लोगों ने दुकान तोड़ने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलने पर दुकानदार मौके पर पहुंचे और काम रुकवाया।
दुकानदारों का आरोप है कि दुकान तोड़ने का प्रयास साविता देवी, उनके पति शंकर साव और उनके पुत्र द्वारा कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर किया गया। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।आवेदन में बताया गया है कि उक्त संपत्ति को लेकर पिछले करीब सात वर्षों से सिविल कोर्ट में टाइटल सूट संख्या 56/20 लंबित है। इसके अलावा एसडीएम कोर्ट में भी इससे संबंधित Eviction Suit No. 01/26 लंबित बताया गया है। दुकानदारों का आरोप है कि इन मामलों की जानकारी होने के बावजूद जानबूझकर दुकान तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले को लेकर पंकज कुमार के साथ सुनील कुमार, पवन कुमार तर्वे, पिंटू कुमार गुप्ता, राजेश कुमार साव और कुणाल कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर सुरक्षा और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि वे अपनी दुकानें शांतिपूर्वक संचालित कर सकें।
इस मामले को लेकर दूसरे पक्ष से शंकर साव का कहना है कि वो अपने जमीन में काम करवा रहे थे, इस दौरान वहाँ के दुकानदार लगभग 10-12 की संख्या में उनकी संपति में जबरन घुस आए और काम रुकवा कर औजारों को अपने साथ ले गए, उन्होंने कहा कि वह इसकी लिखित शिकायत करेंगे।











