गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला में अज्ञात अपराधियों ने सामाजिक कार्यकर्ता मिथिलेश यादव की हत्या कर दी। अहले सुबह उनका शव जीटी रोड के सर्विस रोड स्थित कपसा मोड़ के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार राम, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया और विरोध में नेशनल हाईवे को जाम कर दिया गया। मौके पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी पहुंचे।
विधायक नागेंद्र महतो ने घटना को दुखद बताते हुए पुलिस अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर प्रमुख आशा राज, उप प्रमुख हरेंद्र कुमार सिंह और भाकपा माले नेता रामेश्वर यादव समेत कई लोग मौजूद रहे। एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने कहा कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है और वारदात को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।











