गिरिडीह। खनिज संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में झामुमो ने केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। शुक्रवार को गिरिडीह, उत्सव उपवन में आयोजित झामुमो की जिला स्तरीय बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल्दबाजी में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक दोनों सदनों से पारित कराकर झारखंड के हितों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने इसे झारखंड और झारखंडियों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि विधेयक वापस नहीं लिया गया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पहले गांव, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर घर-घर जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आर्थिक नाकेबंदी भी की जाएगी। मंत्री ने दावा किया कि विधेयक के कारण राज्य की सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने की। उन्होंने बताया कि 16 से 18 अगस्त तक प्रखंड और पंचायत स्तर पर जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा। जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने भी विधेयक को लेकर लोगों को जागरूक करने की बात कही। बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई और जल्द चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करने की बात कही गई। इस दौरान महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा समेत झामुमो के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।












