गिरिडीह में झारखंड बिजली वितरण निगम के स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन बताया गया कि उस समय दोनों फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहले से ही अन्य जगहों पर व्यस्त थीं। करीब 30 मिनट की देरी के बाद अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में बिजली विभाग के स्टोर में रखे कई महत्वपूर्ण उपकरण और सामग्री जलकर राख हो गए। फिलहाल विभाग की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।












