गिरिडीह के सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी स्कूल में सोमवार को कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर अपनी गाड़ी खड़ी कर दी, जिससे अंदर-बाहर आने-जाने में बाधा उत्पन्न हो गई। इसी दौरान छुट्टी होने पर जब बच्चे बाहर निकले तो उन्होंने करीब पौने घंटे तक स्कूल बसों को भी रोककर रखा, जिससे बच्चों और अभिभावकों में अफरातफरी मच गई।

स्कूल प्रबंधन ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हुए और देर तक उपद्रव करते रहे। अंततः मजबूर होकर स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।












