Aba News

गिरिडीह में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, ठेले-स्टॉल और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कटे चालान, अधिकारियों ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

गिरिडीह। शहर में अतिक्रमण नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से बुधवार को संयुक्त अतिक्रमण एवं वाहन जांच अभियान चलाया गया। अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, उप नगर आयुक्त अब्दुश समद और यातायात पुलिस उपाधीक्षक आरके राणा के नेतृत्व में शुरू हुए अभियान में नगर थाना प्रभारी रतन सिंह, प्रभारी ट्रैफिक इंस्पेक्टर रामेश्वर भगत, नगर निगम की टीम और पुलिस बल शामिल रहे।अभियान की शुरुआत अंबेडकर चौक से कोर्ट रोड होते हुए कालीबाड़ी तक की गई। इस दौरान सड़क किनारे फुटपाथ और मार्ग पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, स्टॉल और दुकानों का निरीक्षण किया गया। मार्ग में आवागमन बाधित करने वाले कई दुकानदारों के चालान काटे गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया।

इसके साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात प्रवाह को बेहतर बनाना और पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को परेशानी होती है। कई ठेले और वाहनों के चालान काटे गए हैं। शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

यातायात पुलिस उपाधीक्षक आरके राणा ने भी नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि अतिक्रमण या यातायात नियमों का उल्लंघन जारी रहा तो जुर्माने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर वाहनों की जब्ती जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान अभी जारी है और शहर के अन्य इलाकों में भी कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें