गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मुंडराडीह गांव में रविवार की देर रात हुई चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। घात लगाए बदमाशों ने 30 वर्षीय अनाउल अंसारी पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। जानकारी के मुताबिक, अनाउल अपनी पत्नी लाड़ली बानो के साथ पुराने घर से खाना खाकर पैदल नए घर लौट रहा था, तभी मस्जिद के पास मो. मकसूद और उसके परिवार के लोगों ने घेरकर वारदात को अंजाम दिया।
पत्नी की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अनाउल को गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने इसे सोची-समझी साजिश बताया है। अनाउल के पिता मो. जमाल अंसारी ने आरोप लगाया कि हमला कर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।












