गिरिडीह में शनिवार को अटल क्लिनिक का नाम बदलकर “मदर टेरेसा क्लिनिक” किए जाने के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के फैसले का विरोध दर्ज कराया। झंडा मैदान से टावर चौक तक पैदल मार्च करते हुए कार्यकर्ताओं ने “अटल क्लिनिक का नाम बदलना बंद करो” और “हेमंत सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने इस फैसले को तुगलकी बताते हुए कहा कि यह न केवल पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का अपमान है, बल्कि सरकार की राजनीतिक दुर्भावना को भी उजागर करता है। उन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण में अटल जी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके नाम से शुरू योजनाओं का नाम बदलना जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ है। चंद्रवंशी ने राज्य सरकार पर युवाओं और महिलाओं को ठगने और बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे मुद्दों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन में संदीप कुमार देव, विक्की गुप्ता, श्रेयांश सौरव, कुंदन सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।













