गिरिडीह, 25 जुलाई 2025 – जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों लोगों ने व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याएं साझा कीं। भूमि विवाद, पेंशन, राशन, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, अबुआ आवास योजना, ट्राई-साइकिल की मांग जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

उपायुक्त ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का तत्काल निष्पादन किया और शेष आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन का सख्त आदेश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान देने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन हर नागरिक की समस्याओं को संवेदनशीलता से हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।













