गिरिडीह: किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को समाहरणालय परिसर से ‘बिरसा कृषि रथ-2026’ को रवाना किया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने हरी झंडी दिखाकर कृषि जागरूकता रथ को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी हर किसान तक पहुंचाना जरूरी है। बिरसा कृषि रथ जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि, उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, सिंचाई प्रबंधन, फलों एवं सब्जियों के वैज्ञानिक उत्पादन तथा विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा।

उपायुक्त ने बताया कि कृषि जागरूकता रथ के माध्यम से चौपालों, जनसंवाद कार्यक्रमों और दृश्य-श्रव्य माध्यमों द्वारा किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न अनुदान आधारित योजनाओं, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खाद के उपयोग और कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसरों से भी अवगत कराया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी किसान आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी से वंचित न रहे। बिरसा कृषि रथ किसानों और कृषि विभाग के बीच एक प्रभावी सेतु बनकर कृषि क्षेत्र में नवाचार, जागरूकता और आत्मनिर्भरता को नई गति देगा। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












