गिरिडीह: एलआईसी शाखा कार्यालय में बुधवार को अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ (AIIEA) का 76वां स्थापना दिवस समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपाध्यक्ष कुमकुम बाला वर्मा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई, जबकि संचालन मंडलीय सांगठनिक सचिव अनुराग मुर्मू ने किया। संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने बताया कि संगठन की स्थापना 1 जुलाई 1951 को हुई थी और इसके संघर्षों के परिणामस्वरूप देश की निजी बीमा कंपनियों का राष्ट्रीयकरण हुआ तथा 1 सितंबर 1956 को भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की स्थापना हुई। उन्होंने कहा कि एलआईसी आज देश की सबसे महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थाओं में से एक है और आधारभूत संरचना के विकास में लाखों करोड़ रुपये का निवेश कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान संघ ने केंद्र सरकार की विनिवेश नीति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एलआईसी के शेयरों की हिस्सेदारी बढ़ाकर बेचने का निर्णय निगम को कमजोर करने और निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाला कदम है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि संघ ऐसी नीतियों के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा। स्थापना दिवस के अवसर पर एलआईसी परिसर में सतु-शरबत वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें 500 से अधिक लोगों को शरबत पिलाया गया। समारोह में पेंशनर संघ एवं बीमा कर्मचारी संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












