गिरिडीह: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गिरिडीह की ओर से बुधवार को डॉ. आई. अहमद मेमोरियल IMA भवन में निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, डॉ. एस.के. डोकानिया, डॉ. रियाज अहमद एवं डॉ. रेखा झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।शिविर में लगभग 200 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया।

मेडिसिन, जनरल सर्जरी, अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स), स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा शिशु रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सकों का दायित्व केवल बीमारियों का उपचार करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी है। ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज सेवा और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों में डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, डॉ. एस.के. डोकानिया, डॉ. रियाज अहमद, डॉ. रितेश सिन्हा, डॉ. एम.डी. आज़ाद, डॉ. श्यामल कुमार, डॉ. वर्षा भारती, डॉ. उत्तम जलान, डॉ. मनीषा जलान, डॉ. संजीव एच. कुमार, डॉ. नूतन लाल, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. रेखा झा, डॉ. आसिफ नज़र, डॉ. राम रतन केडिया, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. शशि भूषण एवं डॉ. अरविंद कुमार शामिल रहे।आईएमए गिरिडीह के सचिव डॉ. रितेश सिन्हा ने शिविर की सफलता पर सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।












