Aba News

देवघर के नवाडीह में मां-बेटे की निर्मम हत्या, कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

देवघर। जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में मंगलवार तड़के मां-बेटे की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान जुबेदा खातून और उनके बेटे के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।पुलिस ने घटनास्थल से दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है ताकि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान की जा सके।प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और संपत्ति विवाद समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि बीती रात करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच सूचना मिली कि सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव में जुबेदा खातून और उनके बेटे की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों के शव खून से लथपथ पड़े मिले। घटनास्थल की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों की हत्या कुल्हाड़ी और हथौड़े जैसे भारी हथियारों से की गई है।एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा कर दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस लगातार क्षेत्र में छानबीन में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें