Aba News

टीएसपीसी के दो हार्डकोर नक्सली चतरा पुलिस के हत्थे चढ़े, रंगदारी, आगजनी और यूएपीए समेत दर्जनों मामलों में थे फरार, लंबे समय से पुलिस को थी तलाश

चतरा; पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के दो हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार कर नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान 29 वर्षीय मसी तिग्गा और 45 वर्षीय किरण नगडवार के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से रंगदारी, आगजनी, आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट और यूएपीए समेत कई संगीन मामलों में फरार चल रहे थे।पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर जिले में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम ने पिपरवार थाना कांड संख्या 23/25 (आर्म्स एक्ट एवं सीएलए एक्ट) में वांछित दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी और इनके खिलाफ कई मामलों में वारंट भी लंबित था।पुलिस जांच में सामने आया है कि मसी तिग्गा और किरण नगडवार के विरुद्ध चतरा और रांची जिले के पिपरवार, टंडवा एवं खलारी थाना क्षेत्रों में रंगदारी वसूली, आगजनी, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने तथा यूएपीए सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में दर्जनों मामले दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि दोनों की गिरफ्तारी से टीएसपीसी संगठन की गतिविधियों पर प्रभाव पड़ेगा तथा क्षेत्र में रंगदारी और उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। गिरफ्तार दोनों नक्सलियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस संगठन के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें