Aba News

मिठाई लेकर लौट रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, 10 वर्षीय बेटा गंभीर घायल

गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कठवारा के समीप गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पालगंज निवासी 45 वर्षीय सुजीत कुमार गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय पुत्र मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार सुजीत कुमार अपने बेटे के साथ बदडीहा से मिठाई खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक दूसरी बाइक के चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुजीत कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मनीष का इलाज जारी है। घटना के बाद दूसरे बाइक चालक के फरार होने की जानकारी मिली है, हालांकि ग्रामीणों ने उसकी बाइक को मौके पर ही रोक लिया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों बाइकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद पालगंज गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें