Aba News

मुआवजा विवाद के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्रवाई, जेसीबी से हटाया गया अतिक्रमण

गिरिडीह जिले के करहरबरी पंचायत अंतर्गत नरेंद्रपुर टोला मकपिट्टो में सड़क चौड़ीकरण कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। गुरुवार को जेसीबी मशीन की मदद से सड़क निर्माण की जद में आ रहे बाउंड्री वॉल और अन्य संरचनाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे, जबकि पचम्बा थाना के पुलिस जवानों की तैनाती भी की गई थी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

हालांकि कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि उनकी निजी जमीन की बाउंड्री को बिना मुआवजा भुगतान किए तोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिली है, जबकि प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर दी। वहीं मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह ने बताया कि कुछ प्रभावित लोगों द्वारा आवश्यक कागजात एवं रसीदें जमा नहीं किए जाने के कारण मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि संबंधित दस्तावेज जमा होने के बाद नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण और मुआवजा भुगतान को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें