स्मृता कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सामाजिक अंकेक्षण को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत पंचायत स्तरीय जनसुनवाई पूर्ण होने के बाद अब प्रखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और लाभुकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जमुआ प्रखंड में 18 मई 2026, पीरटांड़ प्रखंड में 20 मई 2026 तथा गिरिडीह प्रखंड में 22 मई 2026 को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। जनसुनवाई में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के जिला समन्वयक उपस्थित रहेंगे। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया है कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रखे जाएं, ताकि लाभुकों की शिकायतों एवं सुझावों का त्वरित निष्पादन हो सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण और जनसुनवाई के माध्यम से योजना के प्रभावी संचालन को और मजबूत बनाया जाएगा।












