NEET (UG) 2026 के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 3 मई को जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर 1320 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने तैयारियों की समीक्षा कर स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। NEET (UG) के लिए डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पचंबा, गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय और सर जेसी बोस स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, बैठने की व्यवस्था और गर्मी से राहत के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि प्रवेश के समय सघन जांच और निषिद्ध सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और किसी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने और नियमों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।












