गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत तुलाडीह गांव में मंगलवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। भरकट्टा ओपी क्षेत्र में करीब 8:30 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते 7 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे बासुदेव ठाकुर, शक्ति ठाकुर, मुरली ठाकुर, नागो ठाकुर, बंगाली ठाकुर, सुदामा ठाकुर और अर्जुन ठाकुर के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत सभी जरूरी सामान जल गया, जिससे कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।

आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने बाल्टी व मोटर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें बेकाबू रहीं। सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।













