गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिहोडीह पटेलनगर श्रीरामनगर कॉलोनी में बीती रात चोरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बंद घर का दरवाजा तोड़कर पहले जेवरात और कीमती सामान की चोरी की, फिर घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पीड़ित राहुल कुमार के अनुसार परिवार सूरजाही पर्व के कारण गांव गया हुआ था और घर पिछले कुछ दिनों से बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

सुबह घर से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने हंगामा किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। मुफस्सिल थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। वार्ड पार्षद अशोक राम ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस आसपास के सुराग खंगाल रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।













