गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के मोहलीचुवाँ स्थित एसपी आवास के समीप सोमवार रात एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल और पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का पोल टूट गया और पास का पेड़ भी उखड़ गया। घटना के दौरान जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना को लेकर वार्ड पार्षद मुन्ना रजवार ने चिंता जताते हुए कहा कि इस क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन मोन बैठे हुए है। बाद में घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। उनका कहना है कि लगातार हो रहे सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है, जिससे वे भय के माहौल में जी रहे हैं। प्रशासन से मांग किया गया कि क्षेत्र में जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण हो सके और हादसा करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जा सके।












