गिरिडीह जिले में एक बार फिर गजराज की दस्तक से दहशत फैल गई है। बीती रात सरिया थाना क्षेत्र के घुठिया पेसरा गांव में एक जंगली हाथी ने 28 वर्षीय किरण देवी को पटक-पटक कर मार डाला। मृतका गांव निवासी राजू यादव की पत्नी थी। जानकारी के अनुसार, किरण देवी अपनी सहेली, रामकिशुन यादव की पत्नी के साथ खेतों में धान की फसल देखने गई थीं, तभी हाथी ने अचानक हमला कर दिया।

किरण देवी मौके पर ही कुचलकर मर गई, जबकि दूसरी महिला किसी तरह भागकर गांव पहुंची और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोग हाथी को खदेड़ने में सफल रहे, लेकिन घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों का वन विभाग पर गंभीर आरोप है कि कई बार सूचना देने के बावजूद न तो फोन उठाया गया और न ही कोई मदद मिली। बाद में सरिया पुलिस मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कर शव को अपने कब्जे में लिया।













