गिरिडीह जिले में लगातार तीन दिनों की बारिश के बाद सड़कों की हालत बदतर हो गई है। जगह-जगह जलजमाव और गड्ढों के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। ऐसा ही नज़ारा बुधवार रात पचंबा थाना क्षेत्र के सलैया रेलवे के पास देखने को मिला, जब एक ट्रक रात 11 बजे सड़क पर बने गड्ढे में फंस गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई, जिसमें 200 से अधिक वाहन जाम में फंस गए।
सुबह तक हालात गंभीर बने रहे, और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 8 बजे जाम को हटाया गया। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द सड़कों की मरम्मत करने की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की परेशानियों से बचा जा सके।













