गिरिडीह में सिविल सर्जन डॉ. एस.पी. मिश्रा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें झारखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं पर चर्चा हुई। बैठक में सहायक श्रमायुक्त श्री रवि शंकर ने बताया कि निर्माण श्रमिकों को गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हृदय रोग, एड्स, लीवर ट्रांसप्लांट आदि के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी। 5 दिन या अधिक अस्पताल में भर्ती रहने वाले श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी भी दी जाएगी, जिसमें अधिकतम 40 दिन तक का भुगतान संभव होगा।
सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि चिकित्सा सहायता योजना, चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना और मातृत्व प्रसुविधा योजना का अधिकतम प्रचार किया जाए, ताकि ज़रूरतमंद श्रमिक इनका लाभ उठा सकें। इस आर्थिक सहायता का लाभ पाने के लिए श्रमिकों को जिलास्तरीय मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा की आवश्यकता होगी।












